आईजी साहब के सवाल पर दरोगा जी बोले- ये सोशल मीडिया क्या होता है सर

झांसी। डिजिटल इंडिया और टेक्नोलॉजी के इस दौर में उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया से अंजान है। मीडिया के नाम पर वह अखबार और चैनल ही जानते हैं। सोशल मीडिया क्या होता है उन्हें नहीं पता। यह तथ्य उस समय सामने आया जब कानपुर जोन के आईजी आशुतोष पांडेय ने एक कार्यशाला में पुलिस कर्मियों से पूछा कि सोशल मीडिया क्या होता है। इस पर जवाब आया कि हम तो सिर्फ मीडिया के बारे में जानते हैं सर, ये सोशल मीडिया क्या होता है। टेक्नोलॉजी के अच्छे जानकार आईजी साहब ये जवाब सुनकर आश्चर्य में भी पड़ गए और उनकी हंसी भी निकल पड़ी।
सोशल मीडिया पर पुलिस रहे एक्टिव
झांसी में सोशल मीडिया पर आयोजित कार्यशाला में आईजी आशुतोष पांडेय ने पुलिस कर्मियों से कहा कि यह माध्यम आज का सबसे सशक्त माध्यम है। इसके जरिए बड़े-बड़े आंदोलन हो रहे हैं। इसलिए इस मीडिया पर एक्टिव रहना जरूरी है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने इस मुद्दे पर प्रत्येक पुलिसकर्मियों से पूछना शुरू कर दिया। कुछ सवालों के जवाब एसओ रैंक के कुछ पुलिसकर्मियों ने तो दिया, लेकिन अधिकतर कॉन्स्टेबल कुछ नहीं बता सके।
दरोगा जी और कांस्टेबिल दोनों अंजान
कांस्टेबिल सहित एक दरोगा ने भी कहा- साहब, मीडिया के बारे में तो जानते हैं, लेकिन सोशल मीडिया क्या होता है नहीं पता। इस जवाब के बाद आईजी आशुतोष ने कहा कि इस माध्यम के बारे में सभी पुलिसकर्मी अच्छी तरह से जान लें। आज के इस दौर में इसकी पूरी जानकारी होना आवश्यक है।लोगों तक पहुंचने का यह बेहद जरूरी माध्यम है। इससे पुलिस का काम भी आसान होता है। काम तेजी से करने में भी मदद मिलती है। कार्यशाला में डीआईजी अजय मोहन शर्मा और एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे सहित दुबे अन्य अफसर मौजूद रहे।