इरफान पठान अगले महीने करेंगे शादी!

बड़ौदा। पिछले साल से भारतीय क्रिकेट में चल रहा शादियों का सिलसिला इस साल भी जारी रहेगा। इस कड़ी में अब एक नया नाम जुड़ने वाला है और वह है ऑलराउंडर इरफान पठान का। इरफान पठान अगले महीने शादी करने वाले हैं।
इरफान पठान से पहले भज्जी और रोहित कर चुके हैं शादी
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हरभजन सिंह ने अक्टूबर के अंत में अभिनेत्री गीता बसरा के साथ शादी की थी। इसके कुछ ही समय बाद रोहित शर्मा ने गर्लफ्रेंड रितिका सजदेह से शादी की थी। कुछ दिनों पूर्व मोहित शर्मा ने भी सगाई कर ली थी और अब इरफान पठान की फरवरी में शादी होने की खबर सामने आई हैं।
बड़ौदा की सफा बनेंगी इरफान की दुल्हन
इरफान अब बड़ौदा की सफा से फरवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में शादी करेंगे। शादी की तैयारियां जोरों पर हैं और सूरत के एक मशहूर ज्वैलर को इरफान की दुल्हन के लिए डायमंड के गहनों का ऑर्डर दिया गया है। इरफान तथा उनकी बहन के लिए भी गहनों का ऑर्डर दिया गया है।
इस बारे में पूछे जाने पर इरफान ने कहा कि यह सही है कि वह शादी करने जा रहे हैं, लेकिन अभी वह इस मामले में कुछ भी नहीं कहेंगे। इसके लिए कुछ दिनों बाद आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
जब शिवांगी के प्यार में पड़े थे इरफान
इरफान का ऑस्ट्रेलिया में भारतीय राजनयिक की बेटी शिवांगी देव से अफेयर 10 वर्षों तक चला था। यह संबंध एक छोटी सी जिद के चलते टूट गया। इरफान और शिवांगी की पहली मुलाकात 2003 में टीम इंडिया के ऑस्ट्रेलिया दौरे के वक्त एडिलेड में हुई थी। यह दौरा खत्म होने के बाद भी इरफान वहां रुके रहे। शिवांगी अपने प्यार की खातिर बड़ौदा में तीन वर्षों तक रहीं। शुरू में दोनों के परिजन इस संबंध के खिलाफ थे, लेकिन बाद में राजी हो गए। वैसे 2012 में इनके संबंधों में दूरियां आनी शुरू हो गई। एक छोटी सी जिद के चलते 2013 में इनका संबंध समाप्त हो गया।