केंद्रीय बजट में जनता की राय होगी शामिल : संतोष गंगवार

हल्द्वानी। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री संतोष गंगवार का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2016 के केंद्रीय बजट में आम जनता की राय को भी शामिल किया जायेगा। राज्यमंत्री गंगवार केंद्रीय जट के मद्देनजर लोकसभा क्षेत्र के मुद्दों और जरूरतों को समझने के लिये दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से चर्चायें कर केंद्रीय बजट पर मिल रहे जरूरी बिंदुओं को नोट भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में गंगवार रविवार देर शाम हल्द्वानी भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां उनका पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
ये भी पढ़ें – आम बजट 2016-17: 29 फरवरी को
केंद्रीय बजट के बहाने राज्य सरकार पर निशाना
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट 2016 को लेकर आम जनता अपनी राय और सुझाव केंद्र सरकार को दे सकते हैं। जनता के द्वारा दी गयी राय और सुझावों को ध्यान में रखा जायेगा और जरूरत के मुताबिक उन्हें शामिल भी किया जायेगा। उन्होंने ये भी कहा कि जनता से मुलाकात के दौरान पता चल रहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है। और केंद्र द्वारा दी जा रही राशि का सही तरीके से उपयोग नहीं किया जा रहा। केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री ने केंद्र द्वारा प्रदेश को आर्थिक मदद न देने के आरोपों को बेबुनियाद और गलत करार दिया। वहीं अर्द्धकुंभ में केंद्र से किसी प्रकार की मदद न देने के मामले में उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। जबकि महंगाई के सवाल पर कहा कि दाल और तेल के दामों को छोड़कर महंगाई धीरे-धीरे कम हो रही है।
ये भी पढ़ें – लघु उद्योगों को ध्यान में रखकर बनेगा 2016 का बजट
मंत्री ने जनता से पूछा, कैसा हो आम बजट
इससे पहले रुद्रपुर में बजट परिचर्चा में भी केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। एक आम आदमी बजट में क्या-क्या चाहता है और एक आम आदमी बजट के बारे में क्या सोचता है, इसको लेकर रुद्रपुर में बजट परिचर्चा आयोजित की गयी थी। बजट परिचर्चा में स्थानीय लोगों ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया। लोगों ने सीधे तौर पर केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार के सामने बजट को लेकर अपने विचार रखे साथ ही आम आदमी के लिए बजट में क्या कुछ खास होना चाहिए, इसपर भी अपने सुझाव दिये। बाद में मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने साफ कहा की यूपी की तुलना में उत्तराखंड में विकास की अच्छी गति है, इसलिए व्यापार और रोजगार के लिए यूपी से काफी संख्या में लोग उत्तराखंड जा रहे हैं और उत्तराखंड में बस भी रहे हैं। हालांकि प्रदेश सरकार को विकास और मूलभूत सुविधाओं के लिये और बहुत कुछ करने की जरूरत है। इस परिचर्चा में प्रदेश के पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी, रुद्रपुर के भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल और किच्छा-पंतनगर के भाजपा विधायक राजेश शुक्ला भी मौजूद रहे।