झूलन गोस्वामी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, अब डाक टिकेट में आएंगी नजर

कोलकाता। भारतीय महिला वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली भारतीय महिला तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया गया है। आईसीसी क्रिकेट की वेबसाइट के अनुसार, यहां कोलकाता स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित एक सम्मान समारोह में झूलन के नाम का डाक टिकट जारी किया गया। इस अवसर पर झूलन और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली भी मौजूद थे।
पांच रुपये के मूल्य वाले इस डाक टिकट पर झूलन के साथ विक्टोरिया मेमोरियल की तस्वीर भी है। यह डाक टिकट झूलन की उपलब्धियों के सम्मान में जारी किया गया है।
Commemorative stamp of honour for contribution in Indian Women Cricket Team #Legend#JhulanGoswami@JhulanG10@BCCIWomen pic.twitter.com/BIW8i5RDtZ
— WOMEN CRICKET LIVE | #WBBL | #WomensIPL (@WomenCricLive) April 21, 2018
35 साल की झूलन अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा विकेट ले चुकी हैं। उनके नाम अब 169 मैचों में 203 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने यह उपलब्धि इस वर्ष फरवरी में हासिल की थी। झूलन को पिछले साल वर्ष की सर्वश्रेष्ट महिला क्रिकेटर का सम्मान मिला था।
मई 2017 में झूलन महिला क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज बनी थी। उन्होंने आस्ट्रेलिया की कैथरीन फिट्जपैट्रिक का लगभग एक दशक पुराना रिकार्ड तोड़ा था। झूलन ने 2002 में पदार्पण किया था और उन्हें 2007 में आइसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर भी चुना गया।
खेल के कारण 4 बार 12वीं की परीक्षा नहीं दे सकीं
झूलन अपने खेल के कारण 4 बार 12वीं की परीक्षा नहीं दे सकीं। एक बार 14 वर्ष की उम्र में झूलन दिसम्बर के सर्दी में न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया के बीच ईडन गार्डेन में होने वाले वल्र्ड कप फाइनल देख रही थीं। वे उस खेल को देखकर इतनी रोमांचित हो उठीं कि उन्होंने निश्चय किया कि वे एक दिन भारतीय टीम में अवश्य खेलेंगी।