टल सकते हैं इन राज्यों के विधानसभा चुनाव, भाजपा कर रही मंथन

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रणनीति बनानी शुरू कर दी है। यह भी कहा जा रहा है कि हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को समय से पहले कराया जा सकता है। इन तीनों राज्यों की सत्ता पर वर्तमान में बीजेपी का कब्जा है। सूत्रों का कहना है कि इन राज्यों में एक बार फिर मोदी मैजिक के बल पर सत्ता हासिल करने के लिए शाह एंड कंपनी मंथन कर रही है।
भाजपा नेतृत्व ने हरियाणा सरकार और संगठन में व्यापक फेरबदल की योजना को फिलहाल टाल दिया है। दरअसल, बीते कुछ दिनों से इन तीनों राज्यों में पार्टी कई प्रकार की समस्याओं से गुजर रही हैं। ऐसे में पार्टी फिलहाल किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहती है। इसलिए वह अपना हर कदम फूंक-फूंक कर रख रही है।
गौरतलब है कि इन राज्यों में 2014 में लोकसभा चुनाव के साल भर बाद कराए गए थे। पार्टी सूत्रों का कहना है, इन राज्यों में लोकसभा के साथ चुनाव कराने का विकल्प मजबूत है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी इन राज्यों में मोदी मैजिक से ही जीत मिली थी। हालांकि इस बार इन राज्यों में पार्टी के सामने अलग-अलग चुनौतियां हैं।
झारखंड में कांग्रेस, झामुमो और राजद एक मंच पर आते दिख रहे हैं। ऐसे में पार्टी को कड़ी चुनौती मिल सकती है। वहीं महाराष्ट्र में शिवसेना के लोकसभा चुनाव में अकेले लड़ने का ऐलान के बाद बीजेपी के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। उधर, हरियाणा से पार्टी को राहत के संकेत नहीं मिल रहे हैं। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व इन राज्यों में विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव के साथ कराने के पर मंथन कर रही है।