डबल मर्डर : दूसरे आरोपी रेहान को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गोरखपुर। जिलें में हुए डबल मर्डर में एक और मोड़ सामने आया है। इंजीनियर संजय श्रीवास्तव और उनकी पत्नी तूलिका की हत्या कर लूटपाट करने वाले गैंग का एक और सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। डबल मर्डर मामले में पूछताछ में उसने बताया कि वह बाइक मैकेनिक है। रेहान ने बताया कि ज्यादा पैसे कमाने की होड़ और मास्टरमाइंड पिंटू उर्फ अनवर के प्रलोभन में आकर उसने यह गुनाह किया।
डबल मर्डर की प्लानिंग हुई थी दो हफ्ते पहले
डबल मर्डर और लूटकांड का आरोपी रेहान उर्फ सोनू महानगर के नियामतचक का रहने वाला है। वहीं पर उसकी दुकान है जहां वह बाइक बनाता है। पुलिस ने उसे रेलवे बस स्टेशन गोरखपुर से गिरफ्तार करने का दावा किया है। रेहान के पास से लूट का 200 ग्राम जेवर भी बरामद किया गया जिसकी कीमत 6 लाख के करीब है। पिछले हफ्ते हुये चर्चित गोरखपुर डबल मर्डर के मास्टरमाइंड पिंटू उर्फ अनवर को घटना के अड़तालीस घंटे के भीतर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.उसने बताया था कि उसके अलावा तीन और लोग वारदात में शामिल थे। इस सिलसिले में गिरफ्तार रेहान उर्फ सोनू ने बताया कि लूट का प्लान घटना के सप्ताह भर पहले बनाया गया था। पिंटू ने बताया था कि टार्गेट अच्छा है, मोटी रकम मिलेगी। इस मामले में बचे हुये दो आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
पिंटू और रेहान की बातें है अलग
डबल मर्डर और हत्याकांड के मास्टरमाइंड पिंटू और उसके साथी रेहान की एक बात में पुलिस को शक है। पुलिस इसकी जांच करेगी। पिंटू ने कहा था कि उसने तूलिका का पैर पकड़ा था और रेहान ने हत्या की। इसके ठीक उलट रेहान का कहना है कि पैर उसने पकड़ रखे थे और हत्या पिंटू ने की।
क्या है डबल मर्डर मामला?
पूर्वोत्तर रेलवे में इंजीनियर संजय श्रीवास्तव (54) और उनकी पत्नी एचपी चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में प्रधानाचार्य तूलिका श्रीवास्तव (50) की हत्या कर दी गयी है। दंपति की लाश सुबह घर में पड़ी मिली। गले और सिर में चोट के निशान हैं। विन्ध्यवासिनी नगर इलाके के स्टार नर्सिंग होम की गली में रहने वाले संजय और तूलिका का इकलौता बेटा मुंबई में पढ़ाई कर रहा है।