पुरी व कोणार्क मंदिर की समाजवादी श्रवण यात्रा को मंजूरी

लखनऊ। पुरी एवं कोणार्क मंदिर के लिए होने जा रही निःशुल्क समाजवादी श्रवण या़त्रा 24 से 29 फरवरी के मध्य प्रस्तावित है। यह यात्रा विशेष ट्रेन से आईआरसीटीसी के माध्यम से होगी। धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने बताया कि पुरी एवं कोणार्क मंदिर की यात्रा के इच्छुक यात्री अपना आवेदन सभी संबंधित/ अभिलेखों सहित अपने ज़िले के ज़िलाधिकारी को विलम्बतम् 5 फरवरी तक अवश्य उपलब्ध करा दें।
पुरी यात्रा के लिए जो सुविधाएं मिलेंगी
श्री सहगल ने बताया कि इस निःशुल्क यात्रा के दौरान चयनित यात्रियों को सामान्य श्रेणी की सुविधायें अनुमन्य होंगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान ट्रेवेल किट उपलब्ध कराई जायेगी। यात्रियों को उनके गृह जनपद से लखनऊ तक आने-जाने की निःशुल्क व्यवस्था उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा कराई जायेगी। यात्रियों को नियत मेन्यू, जिसमें सुबह की चाय, सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम की चाय एवं रात का खाना सम्मिलित है, उपलब्ध कराया जायेगा। यात्रियों को सिर्फ शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। यात्रा के दौरान ट्रेन में समय-समय पर उदघोषणा हेतु लोक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) की व्यवस्था की जायेगी। ट्रेन में कुल 1044 यात्रियों के लिए बर्थ आरक्षित रहेगी। प्रत्येक स्लीपर कोच में एक बर्थ सुरक्षा कर्मी एवं एक बर्थ टूर सहचर के लिए निर्धारित की जायेगी।
प्रमुख सचिव ने बताया समाजवादी श्रवण यात्रा का लाभ केवल एक बार ही मिलेगा अर्थात जो मूल एवं वरिष्ठ नागरिक पूर्व की समाजवादी श्रवण यात्रा कर चुके हैं, उन्हें वर्तमान पुरी एवं कोर्णाक मंदिर (उड़ीसा) यात्रा का लाभ नहीं मिलेगा। प्रत्येक जनपद से अधिकतम 10 यात्रियों की सूची शासन को उपलब्ध करायी जायेगी। शेष यात्रियों का चयन शासन स्तर से किया जायेगा। यात्रा के दौरान चिकित्सा विभाग द्वारा चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी जिनके लिए कुल 10 बर्थ आरक्षित होंगी। शेष सीटें धर्मार्थ कार्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों हेतु आरक्षित होंगी। यात्रा हेतु स्थानीय मौसम के दृष्टिगत यात्रियों को परामर्श दिया जाता है कि आवश्यक वस्त्रादि को साथ रखना स्वयं सुनिश्चित करें। यात्रा के दौरान किसी यात्री की मृत्यु होने पर धर्मार्थ कार्य विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।