बिहार के नागराज मंत्री की तस्वीरें वायरल

पटना। बिहार के नागराज मंत्री बन गए हैं अशोक चौधरी। दरअसल, एजुकेशन और इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी मिनिस्टर अशोक चौधरी की सांप लपेटे फोटो वायरल हुई हैं। सोशल मीडिया इन्हें अंधविश्वासी मंत्री बता रहा है तो बीजेपी ने बिहार सरकार पर निशाना साध लिया है। महागठबंधन भी कांग्रेस के इस नेता से नाराज मालूम हो रहा है।
बिहार के नागराज मंत्री कौन?
एक तस्वीर में बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी सांप पकड़े दिख रहे हैं। दूसरी तस्वीर में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुबोध कुमार उनका आशीर्वाद मांग रहे हैं। मंत्री अशोक चौधरी उनके गले में सांप डालकर आशीर्वाद दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये तस्वीरें मकर संक्रांति पूजा के दौरान की हैं।
बीजेपी ने बिहार के नागराज मंत्री की तस्वीरें वायरल होने के बाद कांग्रेस और महागठबंधन पर निशाना साधा है। बीजेपी का कहना है कि यह ‘जंगलराज’ ही तो है। वहीं सरकार में शामिल जनता दल यूनाइटेड के नेताजी केसी त्यागी ने कहा, आज के आधुनिक दौर में इस तरह के अंधविश्वास की जगह नहीं।
महागठबंधन की दूसरी बड़ी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल भी बिहार के नागराज मंत्री की तस्वीरों को लेकर कांग्रेस के पीछे पड़ गया है। आरजेडी प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है।
वहीं, इन तस्वीरों के सामने आने के बाद अशोक चौधरी अब सफाई देते फिर रहे हैं। उनका कहना है कि तस्वीरें पुरानी हैं। सपेरा घर में आया था। बच्चे को खेल दिखा रहा था। सपेरों ने ही मेरे हाथ में सांप पकड़ा दिया। हालांकि वह यह नहीं बता पाए कि कांग्रेस उपाध्यक्ष उन तस्वीरों में कैसे दिख गए।
दोनों दिन पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप इंडिया का ऐलान किया था, तब कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि स्टार्टअप और असहिष्णुता साथ नहीं रह सकते। अब बिहार में यह प्रकरण सामने आने के बाद भाजपा राहुल से पूछ रही है कि क्या स्टार्टअप और बिहार के नागराज मंत्री एक साथ रह सकते हैं।