महेन्द्र सिंह धोनी होंगे IPL में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान

कोलकाता। महेन्द्र सिंह धोनी IPL में नई बनी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स टीम के कप्तान होंगे। अभी तक वो चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान थे। भारत के सीमित ओवरों के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आईपीएल के अगले सीजन के लिये संजीव गोयनका की राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स टीम का कप्तान चुना गया है।
महेन्द्र सिंह धोनी एक सीजन के लिए बने कप्तान
टीम लोगो और कप्तान के नाम का ऐलान करते हुए गोयनका ने कहा, ‘मैं 2016 सत्र के लिये राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान के तौर पर महेंद्र सिंह धोनी का स्वागत करता हूं। वह हमेशा से बेहतरीन कप्तान रहे हैं। डोमेस्टिक और इंटरनेशनल लेवल पर उनका कप्तानी का रिकॉर्ड यादगार है। मेरा मानना है कि वह मैदान के भीतर और बाहर बेहतरीन कप्तानी करेंगे।’
गांगुली का नहीं है कोई रोल
यह पूछने पर कि महेन्द्र सिंह धोनी को सिर्फ एक IPL सत्र के लिये कप्तान क्यों बनाया गया, उन्होंने कहा, ‘फिलहाल हमारा फोकस सिर्फ 2016 पर और टीम बनाने पर है। यही वजह है कि हमने एक सत्र के लिये धोनी को कप्तान बनाया।’
गौरतलब है कि इस टीम में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसी, भारत के अजिंक्य रहाणे और आर अश्विन भी हैं। गोयनका ने यह भी कहा कि भारत के पूर्व कप्तान और आईएसएल की फुटबॉल टीम एटलेटिको डि कोलकाता में उनके साझेदार सौरव गांगुली की इस टीम में कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा, ‘सौरव गांगुली की टीम में कोई भूमिका नहीं है।’
महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी हमेशा से लाजवाब रही है। उनकी कप्तानी में ही टीम इंडिया पहली बार टेस्ट मैचों में दुनिया की नंबर वन टीम बनी। उनकी कप्तानी में ही भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप में जीत हासिल की। धोनी की कप्तानी में ही चेन्नई की चेन्नई सुपर किंग्स ने चैम्पियन ट्रॉफी जीती और धोनी की कप्तानी में ही चेन्नई के सिर आईपीएल का ताज सजा।