लालू से मिले राहुल गांधी, अस्पताल से भी मिल गई छुट्टी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को कोर्ट ने चारा घोटाला मामले में दोषी करार करते हुए सजा सुनाई है। लेकिन खराब स्वास्थ्य के चलते वो कई दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। लालू से मिलने आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अस्पताल पहुंचे, दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत चली। इस दौरान राहुल ने लालू के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
Congress President Rahul Gandhi met RJD Chief Lalu Prasad Yadav at AIIMS in Delhi. pic.twitter.com/glpkGIX5tn
— ANI (@ANI) April 30, 2018
राहुल के लालू से मिलने की खबर से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। कांग्रेस और आरजेडी बिहार में सहयोगी पार्टियां हैं। 2015 में कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव का आरजेडी और जेडीयू के साथ मिलकर लड़ा था। अब जेडीयू महागठबंधन से बाहर है। माना जा रहा है कि 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आरजेडी के बीच गठबंधन तय है। लालू यादव जब रांची से एम्स आ रहे थे, तब उन्होंने आजतक से बात करते हुए कहा था कि कांग्रेस के बिना कोई गठबंधन संभव नहीं है।
अब दोनों की इस मुलाकात के पीछे क्या कारण था इसका खुलासा तो वक्त आने पर होगा। वैसे अस्पताल में लालू से मिलने वाले राहुल गांधी कोई पहले नहीं हैं, इससे पहले लालू के बेटे समेत एनडीए में शामिल रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा पर लगातार हमला करनेवाले पार्टी नेता शत्रुघ्न सिन्हा समेत कई अन्य नेता उनसे मुलाकात कर चुके हैं।
बता दें, पिछले एक महीने से अस्पताल में भर्ती लालू की तबीयत में अब सुधार आ रहा है इसलिए उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। लालू मंगलवार को यानि कल राजधानी एक्सप्रेस से रांची पहुंचेंगे। होटवार जेल के अधीक्षक ने इसकी पुष्टि की है। लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप की शादी 12 मई को है, अगर कोर्ट ने इजाजत दी तो लालू अपने बेटे की शादी में शामिल हो सकेंगे।