20 किलो की हो गई थी महिला, दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो पति और सास ने किया कुछ ऐसा

केरल: सख्त कानून के बावजूद दहेज के लोभियों पर शिकंजा कसना बहुत मुश्किल है। केरल में दहेज का एक ऐसा मामला सामने आया है, जो आपके होश उड़ा देगा। इंसानियत को शर्मसार करने वाले इस मामले के तहत एक सास और पति ने मिलकर महिला को इतना तड़पाया और भूखा रखा कि उसकी मौत हो गई। इससे भी ज्यादा हैरान कर देने वाली बात यह थी कि मौत के वक्त 27 वर्षीय महिला का वजन महज 20 किलो था|
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक महिला का नाम तुषारा (27) पति चंदूलाल था। महिला की शादी साल 2013 में चंदू से हुई थी। सुसराल में पति के अलावा सास गीतालाल थी, जो कि महिला से आए दिन दहेज की मांग करती थी। सास और पति ने मिलकर महिला को कई दिनों तक भूखा रखा। इस बीच बीमारी, भूख और बेचैनी के कारण 21 मार्च को महिला ने सरकारी अस्पातल में दम तोड़ दिया। मामला सामने आने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है।
शक्कर का पानी और भीगे चावल खाती थी महिला
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पड़ोसियों के हवाले से कहा कि कोल्लम के नजदीक करुनागापल्ली निवासी तुषारा को कई दिन तक उचित भोजन नहीं दिया गया। सास और पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। महिला किसी तरह भीगे चावल और चीनी का घोल पर ही जी रही थी। सही भोजन ना मिल पाने की वजह से महिला की हालत खराब हो गई और इस इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 21 मार्च की मध्यरात्रि में भूख, बीमारी और बेचैनी के चलते उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर्स के मुताबिक महिला बहुत कमजोर थी, मौत के वक्त उसका वजन महज 20 किलोग्राम था।
शरीर पर था नाम मात्र का मांस
पीएम रिपोर्ट और पड़ोसियों के बयान के आधार पर पुलिस ने तुषारा के पति चंदूलाल और सास गीतालाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। बता दें कि, महिला के कथित उत्पीड़न का खुलासा उसकी मौत के बाद पुलिस जांच में हुआ। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतिका के शरीर पर नाम मात्र का मांस बचा हुआ था। वह हड्डियों का ढांचा बन चुकी थी। वहीं, महिला के संबंधियों ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर पति और सास बेटी के साथ मारपीट करते थे।
वेल्डिंग का काम करता है मृतिका का पति
तुषारा की मां विजयलक्ष्मी ने बताया कि उनकी बेटी के ससुराल वाले बीते पांच साल से उसे प्रताड़ित कर रहे थे। दहेज की मांग पूरी ना होने पर एक वर्ष तक परिवार वालों को बेटी से मिलने नहीं दिया गया। चंदूलाल के एक पड़ोसी ने कहा कि तुषारा को उसका पति और ससुराल वाले कथित तौर पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। महिला का पति वेल्डिंग के काम करने के अलावा छोटे-मोटे काम करता था। पुलिस ने बताया कि महिला के दो बच्चे हैं। छोटा बच्चा डेढ़ साल का है और दूसरे बच्चे की उम्र तीन साल है।
National Commission for Women has taken Suo-Motu cognizance of the media report "Starved for dowry, woman dies at 20 kg". A letter has also been issued to the DG Police and the State Police Chief of Kerala, to take strict and immediate action in this case. pic.twitter.com/G3EPxBtKFY
— ANI (@ANI) April 1, 2019
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
खबर के मीडिया में आने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस संबंध में डीजी पुलिस और स्टेट पुलिस चीफ ऑफ केरल को खत लिखा है। पुलिस से त्वरित और कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।