कर्नाटक विधानसभा चुनाव: सुबह 11 बजे तक 24% मतदान, पीएम मोदी और राहुल ने की लोगों से ये अपील

बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को कड़ी सुरक्षा एवं व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया।शुरुआत में मतदान की गति थोड़ी धीमी रही लेकिन बाद में पोलिंग बूथ पर लोगों की लम्बी लम्बी लाइने देखने को मिली। सुबह-सुबह बड़े बड़े नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 11 बजे तक 24 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीएम मशीन में खराबी की खबरें आई हैं, जिसके बाद उसे तुरंत बदला गया।
वहीँ कहीं शुरूआती दौर में बिजली ही चली गई। कई जगह से ये भी शिकायत मिली की बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदान केंद्र से नदारद हैं। राज्य की 224 विधानसभा सीटों में से 222 पर 2600 से अधिक उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। इनमें से 36 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और 15 अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं।
बेंगलुरू के राजा राजेश्वरी नगर में बड़ी संख्या में मिले फर्जी मतदाता पहचान पत्रों की वजह से और भाजपा उम्मीदवार बी.एन.विजय कुमार के निधन की वजह से जयनगर सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया है। कर्नाटक विधानसभा में 5.07 करोड़ मतदाता है, जिनमें से 2.62 करोड़ पुरुष और 2.5 करोड़ महिलाएं हैं। 18 से 19 आयु समूह के नए मतदाताओं की संख्या 15,42,000 है। कर्नाटक चुनाव में 15 मई को नतीजों की घोषणा की जाएगी।
पीएम मोदी और राहुल गांधी ने किया ट्वीट
शनिवार सुबह ही राहुल गांधी ने कन्नड़ में ट्वीट कर कर्नाटक के मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘मतदान गतिशील लोकतंत्र का संकेत है। मैं अपने सभी युवा मित्रों का स्वागत करता हूं जो कर्नाटक में पहली बार मतदान कर रहे हैं। कर्नाटक के लोग बड़ी संख्या में लोकतंत्र के इस त्यौहार में शामिल हों।
वहीँ पीएम मोदी ने भी ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘मैं कर्नाटक के मेरे भाइयों और बहनों से आज बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए आग्रह करता हूं। मैं विशेष रूप से युवा मतदाताओं को वोट देने और उनसे लोकतंत्र के इस त्यौहार में भागीदारी के साथ इसे समृद्ध करने की अपील करता हूं।’