सरोज खान के बाद रणबीर कपूर ने कास्टिंग काउच को लेकर कही ये बड़ी बात

मुंबई। देखा जाए तो इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग काउच जैसे गंभीर मुद्दों ने जोर पकड़ा है। आए दिन कोई न कोई इस बात को लेकर खुलासा करता है। इस मुद्दे पर हाल ही में एक्टर रणबीर कपूर ने भी एक बयान दिया है। जिसमें उन्होंने खुद को सेफ बताते हुए कहा है कि उन्होंने इस चीज़ का कभी सामना नहीं किया है।
हाल ही में कास्टिंग काउच को लेकर सरोज खान ने भी एक विवादित टिप्पणी की थी। जिसके बाद से रणबीर ने भी इस मुद्दे पर खामोश रहना ठीक नहीं समझा। उन्होंने कहा कि कभी कास्टिंग काउच का सामना नहीं किया है। अभिनेता ने यह टिप्पणी तब की, जब उनसे जानी-मानी कोरियोग्राफर सरोज खान के उस विवादित बयान के बारे में पूछा गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि फिल्म उद्योग में कास्टिंग काउच कम से कम रोटी तो देती है।
रणबीर ने आगामी फिल्म ‘संजू’ के टीजर लॉन्च के मौके पर मंगलवार को इस बारे में कहा, “मैंने कभी भी इसका (कास्टिंग काउच) सामना नहीं किया है। अगर यह फिल्म उद्योग में मौजूद है, तो यह बिल्कुल गलत बात है।”
#RanbirKapoor at the teaser launch of #Sanju pic.twitter.com/P9vVIt1mWc
— Ranbir Kapoor Fan Club (@RanbirKapoorFC) April 24, 2018
बता दें सरोज खान की टिप्पणी की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई। जिसमें उन्होंने कहा कि ‘ये तो बाबा आदम के जमाने से चला आ रहा है। हर लड़की के ऊपर कोई ना कोई हाथ साफ करने की कोशिश करता है। सरकार के लोग भी ये करते हैं। तुम लोग केवल फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े हो? फिल्म इंडस्ट्री में अगर रेप या कास्टिंग काउच होता है तो रोटी भी मिलती है। जिसके साथ गलत हुआ है उसे छोड़ नहीं दिया जाता, बल्कि उसे काम दिया जाता है’। आलोचनाओं के बाद सरोज खान खान ने अपनी इस टिप्पणी के लिए माफी भी मांग ली है।