एम्स, फोरलेन और 1101 दीपों से और चटख हुआ पिपराईच महोत्सव

गोरखपुर। जनपद के पिपराईच क्षेत्र के लिये गुरुवार का दिन सबसे खुशनुमा दिन रहा। पूर्व घोषित पिपराईच महोत्सव के आगाज के दिन सीएम अखिलेश यादव ने दो बड़ी घोषणाएं कर आयोजन का रंग और चटख कर दिया। सीएम ने दिन में घोषणा की कि वह न सिर्फ खुटहन में एम्स बनवाएंगे बल्कि फोरलेन भी देंगे। महोत्सव के आगाज के दिन पिपराईच को संयोगवश मिली दो सौगात से हर शख्स गदगद है। यह खुशी शाम को तब उभरकर सामने आई जब महोत्सव की पहली शाम छोटे शिव मंदिर पर 1101 दीप जलाये गये। दीपोत्सव का शुभारंभ महापौर डा. सत्या पांडेय ने किया।
पांच सौ से ज्यादा लोग हुए शामिल
इससे पूर्व तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार पिपराईच महोत्सव का आगाज सुबह दस बजे के आसपास माईजी की कुटी से हुआ। अन्तर्राष्ट्रीय कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज ने महोत्सव की शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शिक्षक नेता डा. संजयन त्रिपाठी, कांग्रेस नेता अमरजीत यादव, महोत्सव संयोजक संतराज यादव, युवा नेता अजय प्रकाश यादव, महोत्सव समिति के अध्यक्ष ओंकारनाथ गुप्ता समेत पांच सौ से ज्यादा नागरिक शोभायात्रा में शामिल हुये। हाथी, घोड़े, लोकनृत्य, एनसीसी और स्काउट कैडेट्स ने आयोजन की शोभा और बढ़ा दी। दोपहर तक सीएम की घोषणाएं आम हो चुकी थीं, जिन्होंने पिपराईच की खुशियों चार चांद लगा दिया।
पहली बार बदल रही पहचान
पिपराईच क्षेत्र की पहचान कभी लोहे के नीलामी के केंद्र, चीनी मिल और मिया साहब के नाते होती थी। हाल के वर्षों में साम्प्रदायिक घटनाओं के कारण यह क्षेत्र चर्चा में रहा। पहली बार इस इलाके में इतना बड़ा रचनात्मक आयोजन हो रहा है जिससे कस्बे की पहचान बदलेगी।
संस्कृति और विकास बनेगा पहचान
पिपराईच में चर्चित समाजसेवी पवन कुमार जोशी, विरेंद्र जायसवाल, राजीव विश्वकर्मा, चंदन जायसवाल, जितेंद्र जायसवाल और सुधाकर त्रिपाठी आज का दिन पिपराईच के लिये खास मानते हैं। इन लोगों का मानना है पिपराईच महोत्सव और सीएम की घोषणाओं का एक साथ होना भले एक संयोग है लेकिन दोनों चीजों का दूरगामी असर होगा। एम्स, फोरलेन और सांस्कृतिक आयोजन से क्षेत्र की अलग पहचान बनेगी।
आगे भी आयोजन होगा
पिपराईच महोत्सव के संयोजक संतराज यादव ने कहा है कि पहले आयोजन में ही नगरवासियों का पूरा प्यार मिला है। आगे भी इस स्वस्थ परम्परा को कायम रखा जाएगा।