अखिलेश ने योगी सरकार को घेरा, कहा-बेटियों के लिए काल बना उत्तर प्रदेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उन्नाव में महिला उत्पीड़न की अपराध की घटना को मानवता के लिए शर्मसार बताया है। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए काल बन चुके भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षित नृशंस अत्याचार की एक और विचलित कर देने वाली घटना हुई है।
Akhilesh Yadav ने उन्नाव कांड में सरकार को घेरा
जंगल में पेड़ में बांधकर दो दलित लड़कियों की हत्या कर दी गई और एक गम्भीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। यह अत्यंत दुःखद घटना है। इसमें संलिप्त दरिंदों की कठोरतम सजा सुनिश्चित होनी चाहिए। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि लगता है कि मुख्यमंत्री को कानून-व्यवस्था को लेकर कोई चिंता नहीं है। उनका पूरा समय सिर्फ कहीं और बीत रहा है। भाजपा के कारण महिलाओं और बेटियों के लिए यूपी सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। यह सूबे की जनता के लिए डरावना संदेश है। दिनदहाड़े बलात्कार, छेड़खानी और महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल है।
उन्नाव की 3 दलित बहनों के लिए न्याय की माँग करने व सांत्वना देने के लिए सपा का प्रतिनिधिमंडल उनके परिजनों से मिला।
पहले ‘हाथरस की एक बेटी’, फिर ‘बदायूँ की एक माँ’ और अब ‘उन्नाव की बहनें’ भाजपा राज में कोई भी नारी सुरक्षित नहीं।
बहुत हुआ नारी पर अत्याचार, अबकी बार भाजपा बाहर। pic.twitter.com/cKl7d2SncI
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 18, 2021
‘लगता है सीएम को कानून-व्यवस्था की कोई चिंता नहीं’
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि भाजपा सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति कोई नीति नहीं है। भाजपा की विचारधारा आधी आबादी को उपेक्षा से देखती है। महिला सम्मान और सुरक्षा की सभी व्यवस्थाओं को मौजूदा सरकार ने ध्वस्त कर दिया है। समाजवादी सरकार में विश्वस्तरीय महिला सुरक्षा तंत्र 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन को भी वर्तमान सरकार ने बर्बाद कर दिया। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अब ‘हत्या प्रदेश’ बन गया है।
यूपी में कायम हुआ जंगलराज: Akhilesh
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की राजधानी के समीपवर्ती जिले उन्नाव में हुई घटना यह साबित कर रही है कि यूपी में जंगलराज कायम हो गया है। दलित उत्पीड़न और बच्चियों के साथ लगातार हो रही घटनाओं से प्रदेश का जनमानस आक्रोशित है।
‘उन्नाव जाएगा सपा का प्रतिनिधिमंडल’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उन्नाव में तीन बेटियों के साथ हुई दुःखद घटना की जांच के लिए समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 20 फरवरी को पीड़ित परिजनों से भेंट कर घटना की जांच करेगा। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद अन्नू टंडन, पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, एमएलसी सुनील सिंह साजन प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: उन्नाव कांड: पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, पीड़ित पिता ने लिखी ये बात