आर्मेनिया और अजरबैजान में जंग तेज, आर्मेनिया ने मार गिराया सुखोई 25 फाइटर जेट

नई दिल्लीः पश्चिम एशयाई देश आर्मेनिया और अजरबैजान में छिड़ी जंग में वार-पलटवार का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आर्मेनिया ने अजबैजान के सुखोई 25 फाइटर जेट को मार गिराया है।
दरअसल रूस सहित विश्व के तमाम देशों की जंग रोकने के कवायद के बीच दोनों देशों में सीजफायर लागू हो गया था। जिसके बाद फिर से जंग शुरू हो गयी है। आर्मेनिया और अजबैजान के इस युद्ध में आर्मेनिया ने जहां अजरबैजान के फाइटर जेट को मार गिराने का दावा किया है। वहीं अजबैजान ने आर्मेनिया के इस दावे का पूरी तरह से खंडन कर दिया है।
आर्मीनिया के रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता शुशान स्टीपैनियन ने सोमवार को इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि, ‘अजरबैजान की वायुसेना तुर्की के F-16 फाइटर जेट के पहरे में सुखोई-25 फाइटर जेट को सीमा पर इस्तेमाल कर रही है। काराबाख की एंटी एयर डिफेंस यूनिट ने उत्तरी-पूर्वी इलाके में दुश्मन के सुखोई-25 जेट को मार गिराया है।’
वहीं अजरबैजान ने इस दावे को सिरे से नकारते हुए कहा कि, ‘आर्मीनिया के रक्षा मंत्रालय का जेट को मार गिराने का दावा झूठ का पुलिंदा है, जो उसके मायूसी से पैदा हुआ है। अजरबैजान अपने लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल नहीं कर रहा है और हम मानवीय सीजफायर को पूरी तरह से लागू कर रहे हैं।’
गौरतलब है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मध्यस्थता के बाद आर्मीनिया और अजरबैजान के विदेश मंत्रियों ने मॉस्को में संघर्षविराम समझौते पर हस्ताक्षर किया था। जिसके बाद दोनों देशों में शनिवार को सीजफायर का एलान कर दिया गया था। लेकिन यह समझौता चंद पल भी न टिक सका और दोनों देश फिर से युद्ध के मैदान में उतर गए हैं।