Arun Jaitley Stadium में अरुण जेटली की प्रतिमा का अनावरण
अमित शाह ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की आज 68वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया।

नई दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिल्ली जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत अरुण जेटली की प्रतिमा का अरुण जेटली स्टेडियम में अनावरण किया। अमित शाह ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की आज 68वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर डीडीसीए के मौजूदा अध्यक्ष और अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। अमित शाह ने इस अवसर पर अरुण जेटली के राजनीति और क्रिकेट प्रशासन में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश के विकास के लिये लगातार काम किया था और अहम भूमिका निभाई था।
डीडीसीए के अध्यक्ष रहे थे जेटली
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के पिछले वर्ष निधन के बाद डीडीसीए ने पिछले वर्ष ही स्टेडियम का नाम बदलने का फैसला किया था। अरुण जेटली 14 साल तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे थे, वहीं अब उनके बेटे रोहन जेटली डीडीसीए के अध्यक्ष हैं। हालांकि पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी ने अरुण जेटली स्टेडियम में अरुण जेटली की प्रतिमा स्थापित करने का विरोध करते हुए डीडीसीए के अध्यक्ष और अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली को पत्र लिख कर कहा था कि फिरोज शाह कोटला के एक स्टैंड से उनका नाम हटा दिया जाये और साथ ही वह डीडीसीए की प्राथमिक सदस्य्ता से इस्तीफा दे रहे हैं। लेकिन स्टेडियम के एक स्टैंड पर बिशन सिंह बेदी का नाम अभी पहले की तरह मौजूद है।
अनावरण समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेंदर खन्ना और मदन लाल, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर, भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर आरपी सिंह और सुरेश रैना, पूर्व चयनकर्ता शरणदीप सिंह, अंतर्राष्ट्रीय अम्पायर अनिल चौधरी, दिल्ली के क्रिकेटर परविंदर अवाना, रोबिन सिंह और डीडीसीए के पूर्व और मौजूदा पदाधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: New Year को लेकर योगी सरकार ने कसी कमर, Social Media पर नजर रखने के निर्देश