भाजपा नेता ने प्रियंका को लिखी चिट्ठी, अजय सिंह लल्लू को बदलने की दी सलाह

मऊ: जिले के सदर विधानसभा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) इन दिनों पंजाब की रोपड़ जेल में बंद हैं। मुख्तार अंसारी को कई बार कोर्ट में गवाही देने के लिए सम्मन भेजा गया, लेकिन मुख्तार अंसारी को पंजाब की सरकार उत्तर प्रदेश नहीं भेज रही है। जिसको देखते हुए मऊ जिले के भाजपा नेता अशोक सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा (Priyanka Vadra) को चिट्ठी लिख कर तंज कसा है। उन्होंने लिखा है कि माफियाओं को अगर इसी तरीके से संरक्षण देना है तो उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू को हटाकर उनकी जगह पर मुख्तार अंसारी को प्रदेश अध्यक्ष बना दें।
जानें क्या था मामला
बता दें कि मऊ जिले के रहने वाले ठेकेदार अजय प्रकाश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह की 29 अगस्त 2009 को शहर कोतवाली क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाके गाजीपुर तिराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसमें मुख्तार अंसारी को 120 बी के तहत आरोपी बनाया गया था। इसी मामले में गवाह राम सिंह मौर्य और उसकी सुरक्षा में लगे सिपाही सतीश सिंह की आरटीओ ऑफिस के पास 1 साल बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस मामले में दक्षिण टोला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मुख्तार अंसारी को कोर्ट में पेश होना था। कई बार कोर्ट का सम्मन जाने के बाद भी जब मुख्तार अंसारी को पंजाब की सरकार ने उनके स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश भेजने से मना कर दिया।
राहुल गांधी और Priyanka Vadra पर लगाया आरोप
इस मामले में बीजेपी नेता अशोक सिंह ने अपने भाई की हत्या में न्याय नहीं मिलता हुआ देखकर राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर आरोप लगाते हुए चिट्ठी लिखी है। उन्होंने लिखा अगर माफियाओं से इतना ही प्रेम है तो प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू को हटाकर मुख्तार अंसारी को ही उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष बना दें। इस दौरान अशोक सिंह ने कांग्रेस पार्टी से ही बनारस से विधायक रहे अजय राय का भी जिक्र करते हुए कहा कि यह उन्हीं की पार्टी से लोकसभा का चुनाव लड़े थे, उन्होंने भी 2 दिन पहले कहा था कि मुख्तार अंसारी से उनको जान का खतरा है। अब सवाल यह है कि जब उन्हीं के पार्टी के लोग ही मुख्तार अंसारी पर आरोप लगा रहे हैं तो आप सोच सकते हैं कि क्या हो सकता है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में बजट पर मोदी सरकार को घेरने के लिए राहुल गांधी ने बनाई ये रणनीति