कपूर खानदान में कोहराम से बोनी कपूर दुखी, जी स्टूडियोज के कारण घर में कराई रार

फिल्म अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके भाई हर्ष वर्धन कपूर के सोशल मीडिया पर कसे जा रहे तंजों से दोनों के ताऊ बोनी कपूर काफी व्यथित हैं। अपने छोटे भाई अनिल कपूर के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट मानी जाने वाली फिल्म मिस्टर इंडिया के निर्माता बोनी कपूर के सामने ये संकट निर्देशक अली अब्बास जफर और जी स्टूडियोज की हड़बड़ी के चलते आया है। अली ने ही सबसे पहले मिस्टर इंडिया के रीमेक की बात सोशल मीडिया पर साझा की औऱ उसी के बाद से बोनी कपूर के घर में कोहराम मचा हुआ है।

फिल्म निर्माता बोनी कपूर इन दिनों हिंदी सिनेमा की बड़ी फिल्म निर्माण व वितरण कंपनी जी स्टूडियोज के साथ अजय देवगन स्टारर मैदान बना रहे हैं। फिल्म मैदान इस साल 27 नवंबर को रिलीज होनी थी लेकिन इसी महीने की शुरुआत में इसकी तारीख बदलकर 11 दिसंबर कर दी गई। फिल्म की नई तारीख की रिलीज जी स्टूडियोज सार्वजनिक कर पाता उससे पहले ही इसकी सूचना मीडिया में लीक हो गई। सूत्रों के मुताबिक इस बात को लेकर काफी खटपट भी हुई।
जानकारी के मुताबिक, मैदान की रिलीज डेट बदले जाने के बाद अब जी स्टूडियोज कुछ ऐसा करने की फिराक में रहा जिससे बोनी कपूर चौंक जाएं। बोनी कपूर 1987 में रिलीज हुई अनिल कपूर, श्रीदेवी और अमरीश पुरी स्टारर मिस्टर इंडिया के निर्माता हैं और फिल्म के सारे बौद्धिक संपदा अधिकार उन्हीं के पास हैं। इस बारे में जी स्टूडियोज के सीईओ शारिक पटेल भी फिलहाल कुछ भी नहीं कह रहे हैं। उनको अमर उजाला की तरफ से भेजे गए संदेश का उत्तर अब भी प्रतीक्षित है।