विधायक जी बोले… बहू उठा ले जाएंगे

हरियाणा। कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया सोनीपत के एक धरने में जोश में होश खो बैठे। भाजपा सरकार को रांडा (रंडुओं) सरकार कहा। इससे भी एक कदम आगे बढ़े और लोगों से बोले यहाँ लोन मत लेना, अगर चुका नहीं पाए तो बहू उठा ले जाएंगे। विधायक जी का बहू उठा ले जाने वाला बयान सुनकर खुद उनकी ही कांग्रेस पार्टी की महिला कार्यकर्ता भड़क उठीं। उन्होंने सांसद दीपेंद्र हुड्डा से इस बारे में शिकायत की।मामले की नजाकत और कार्यकर्ताओं का विरोध देखते हुए विधायक जी को माफ़ी तक मांगनी पड़ गई।

पूरा मामला सोनीपत में बिजली के दामों और धान खरीद घोटाले के मुद्दे पर कांग्रेस के धरने में हुआ। धरने के नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। इसी धरने में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए राई से कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया ने भाजपा सरकार को निशाने पर ले रखा था। उसकी नीतियों, योजनाओं और कार्यप्रणाली पर तीखे व्यंग्य करते हुए दहिया कई बार जबान पर काबू खो बैठे। कई बार अभद्र भाषा का प्रयोग किया। लेकिन बहू उठाने वाली बात पर खुद फंस गए।
कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद उन्होंने कहा कि मैं तो सरकार पर कटाक्ष कर रहा हूँ, महिलाओं पर नहीं। अगर किसी को ठेस पहुंची तो माफी मांगता हूं। मैंने महिलाओं के लिए कोई आपत्तिजनक शब्द प्रयोग नहीं किया। मैंने भाजपा सरकार को रांडा (रडुओं) की सरकार जरूर कहा है, इसमें गलत क्या है।