अवैध खनन पर जिला प्रशासन ने कसा शिकंजा, सभी रास्तों को किया बंद

फिरोजपुर: जिले में चल रहे अवैध खनन (Illegal mining) के संबंध में खनन एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा की फटकार के बाद जिला प्रशासन (District administration) हरकत में आ गया है। वन एवं पुलिस विभाग ने रविवार को राजस्थान सीमा से सटे नांगल से बसई, बडेड और तिगांव और राजस्थान से आने वाले अवैध खनन के सभी रास्तों को जेसीबी के द्वारा काट कर बंद कर दिया है।
वन विभाग के अधिकारी सुनील जैन और फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी रमेश चंद ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध खनन (Illegal mining) को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और वन विभाग ने नांगल से बसई, बडेड, तिगांव और राजस्थान से आने वाले अवैध खनन के सभी रास्तों को काट दिया है। वहीं, ओवरलोडिंग डंफर चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ने बताया कि मंत्री मूलचंद शर्मा के आदेशानुसार यह कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को मंत्री मूलचंद शर्मा ने फिरोजपुर झिरका में औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान मंत्री ने अवैध रास्तों से हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने के आदेश दिए थे। इन रास्तों से पत्थर, रोड़ी और क्रेशर की सप्लाई नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम आदि क्षेत्रों में की जाती थी। मंत्री ने राजस्थान से होते हुए मेवात की तरफ से निकलने वाले अवैध रास्तों को बंद करने के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें: यातायात नियमों की धज्जियां उड़ते देख पुलिस ऑफिसर ने जोड़े हाथ
यह भी पढ़ें: भोजपुरी फिल्म की अभिनेत्री आम आदमी पार्टी में हुई शामिल