क्या आप जानते हैं कौन था भारतीय जनता पार्टी का पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष ?

नई दिल्ली। देश की सत्तारूढ़ पार्टी यानि भारतीय जनता पार्टी आज अपना 38वां स्थापना दिवस मना रही है। भारतीय जनता पार्टी सत्तारूढ़ पार्टी ही नहीं बल्कि देश की सबसे बड़ी पार्टी भी है। आज 21 राज्यों में बीजेपी की सरकार है। देश की करीब 70 फीसदी आबादी पर बीजेपी का राज है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस पार्टी का सबसे पहला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन था? आइये आज हम आपको बताते हैं बीजेपी का इतिहास।
पार्टी की नीव डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में रखी थी। जबकि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। जनसंघ की विचारधारा के नेताओं नें इसका गठन किया था। जनसंघ ने 1952 के आम चुनावों में फाइट किया। कांग्रेस की जबरदस्त लहर के बावजूद इसकी झोली में तीन सीटें आईं। दूसरे आम चुनाव 1957 में चार सीटें हासिल कीं। इससे संघ का हौसला थोड़ा बढ़ गया। वर्ष 1962 में हुए तीसरे लोकसभा चुनाव में सीटों का आंकड़ा दहाई में पहुंचते हुए 14 हो गया। इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही और चौथे लोकसभा चुनाव 1967 में इसकी सीटों की संख्याा 35 हो गई। 1971 में इसकी सीटें पहली बार घटकर 22 रह गईं।
इमरजेंसी के दौरान 1975-1976) भारतीय जनसंघ और दूसरे राजनीतिक दलों ने महागठबंधन किया और जनता पार्टी का जन्म हुआ था। जनता पार्टी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की नीतियों के खिलाफ चुनाव लड़ा और पार्टी को बड़ी जीत मिली थी।
लेकिन जनता पार्टी में आंतरिक कलह पैदा हो गई और जनता पार्टी की सरकार अपना कार्यकाल भी पूरा नहीं कर सकी। इसके बाद जनसंघ जनता पार्टी से अलग हो गई। 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी के नाम से नई पार्टी का गठन हुआ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पार्टी के पहले अध्यक्ष बने थे। फिलहाल पार्टी की कमान पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के हाथ में है। दोनों ने मिलकर पार्टी को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।