दूल्हे के पिता ने दहेज में मांगा कुछ ऐसा जिसे सुनकर हैरान रह गए सब

विदिशा। शादी में लेन-देन तो बरसों का रिवाज माना जाता है। बेटी की शादी में पिता दूल्हे पक्ष्की हर बात मानता है उनकी हर मांग पूरी करने की कोशिश करता है। भोपाल के पास विदिशा शहर में एक लड़की की शादी पर उसके ससुराल वालों ने एक अनोखी मांग रख दी। जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए।
दहेज में मांगा 201 यूनिट ब्लड
रक्त सहायता समिति के अध्यक्ष उदय सिंह हजारी ने अपने बेटे की शादी में वधू पक्ष से 201 यूनिट ब्लड डोनेट करने की मांग की थी। इसके लिए लड़की के पिता खुशी-खुशी राज़ी हो गए। शर्त के अनुसार लड़की के पिता ने शादी समारोह के दौरान ब्लड डोनेट किया। इसे देखकर उन लोगों को सीख लेनी चाहिए जो बेटों की शादी में बड़ी मांग करते हैं। अपने बेटों की शादी नहीं बल्कि उनको बेचते हैं।
98 बार कर चुके हैं ब्लड डोनेट
दूल्हे के पिता उदय सिंह लंबे समय से रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करते आ रहे हैं। 53 साल की उम्र में वे अब तक 98 बार रक्तदान कर चुके हैं। इतना ही नहीं उनके परिवार के लोग भी इस काम में उनका साथ देते हैं और हर खुशी के मौके पर रक्तदान कर लोगों की जिंदगी बचाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में अपनी बहू के परिवार को भी उदय सिंह ने जीवन बचाने के इस काम में शामिल कर लिया। लड़की के पिता का कहना है कि ऐसे समधी पाकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। आजकल लोग सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं। दूसरों के बारे में बहुत कम लोग सोचते हैं। उदय सिंह उन्हीं लोगों में से हैं जो दूसरों के बारे में सोचते हैं।