भारी बारिश से उत्तर भारत में बाढ़ का कहर, असम से लेकर कश्मीर तक दिखा असर

नई दिल्ली। पूरे भारत में मानसून हावी है। बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। उत्तर भारत की बात करें तो वहां की स्थिति बहुत खराब है। बारिश की वजह से बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। जो जानकारी मिली है उसके अनुसार अभी तक असम में बाढ़ से 52 लोगों की मौत हो चुकी है।
असम में बाढ़ ने दिखाया रौद्र रूप
असम के अलावा कश्मीर में भी बाढ़ ने अपना असर दिखाया है। मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। स्थिति हर दिन बिगड़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें: पूरा भारत मानसून की चपेट में, अरुणाचल में चट्टान खिसकने से स्थिति चिंताजनक
असम की स्थिति पर डालें एक नजर
असम में 25 जिलों के करीब 15 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में बाढ़ संबंधी घटनाओं में अभी तक 52 लोगों की मौत हो गई है जिनमें से आठ गुवाहाटी के लोग हैं। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का लगभग 63 प्रतिशत हिस्सा बाढ़ की चपेट में आ गया है। वहीं, ब्रह्मपुत्र नदी पांच स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर के रामबन और उधमपुर जिले में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण बंद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग फिर से खुल गया है। डोडा जिले में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत आज सुबह भारी बारिश के बाद उनका घर ढहने से हो गई।
राजस्थान
राजस्थान के कई स्थानों पर कल रात से हो रही भारी बारिश के बाद शनिवार को ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
पंजाब और हरियाणा
चंडीगढ़ सहित पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य के नजदीक रहा। दोनों राज्यों की साझा राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार
बिहार के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई। पटना और भागलपुर में कल से क्रमश: 3.4 मिमी और 3.1 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।