भारत के इन होटलों में रहते हैं भूत!

आजकल भूत-प्रेत की बातें अगर आप किसी से करते हैं तो वे उन्हें मजाक समझकर टाल जाते हैं। लेकिन इसकी हकीकत क्या है आज तक किसी ने जानने की कोशिश शायद ही किसी ने की हो। भारत में ही कई ऐसे होटल हैं जहां आपको इन भूत-प्रेतों का अहसास हो सकता है। तो क्या आप जाना चाहेंगे इन होटलों में-
होटल सैवॉए, मसूरी
इस होटल को लखनऊ के बैरिस्टर सेसिल डी लिंकन ने 1902 में बनवाया था। इससे भी एक कहानी जुड़ी है। यहां लेडी गार्नेट ऑर्म की दवाई में जहर मिला कर हत्या की गई थी। सालों बाद उसके डॉक्टर की भी इसी तरह मौत हुई। ये रहस्य कभी सुलझ नहीं पाए औऱ माना जाता है कि दुखी लेडी ऑर्म की आत्मा आज भी यहां भटकती है।
राज भवन होटल, कोटा राजस्थान
कोटा राजस्थान में स्थित ब्रिज राज भवन होटल 178 साल पुराना है। यहां 40वें बंगाल नेटिव इंफैंट्री के मेजर चार्ल्स बर्टन रहा करते थे। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीय लोगों ने उनकी यहीं हत्या कर दी थी। 1980 में इसे धरोहर में बदल दिया गया। कोटा की पूर्व महारानी ने एक पत्रकार को बताया भी था कि उन्होंने कई बार यहां मेजर का भूत देखा है। कहते हैं मेजर इतने अनुशासन प्रिय थे कि आज उनका भूत भी जब गार्ड को ड्यूटी के वक्त सोता देखता है तो मेजर थप्पड़ मार देता है।
ताज होटल, मुंबई
कहते हैं मुंबई के ताज होटल में भी पांचवे माले पर भूत घूमता है। कहानी यह है कि एक बार जमशेदजी टाटा को वॉटसन होटल में घुसने से मना कर दिया गया था। उन्हें आर्कीटेक्ट डब्ल्यू ए चैंबर के साथ ताज के निर्माण को लेकर प्लान बनाना था। चैंबर को किसी काम से इंग्लैंड जाना पड़ा। लेकिन जब वो लौटा तो देखा कि होटल उल्टी दिशा में बना दिया गया है। उसे इतना दुख हुआ कि उसने होटल के ही पांचवे माले से कूद कर जान दे दी। आज भी उसकी आत्मा होटल के पुराने विंग में भटकती है।
राज किरण होटल, पुणे
पुणे के पास लोनावला में राज किरण होटल में एक कमरा ऐसा है जो कभी पर्यटकों के लिए बुक नहीं किया जाता। इस रूम में जो पर्यटक रहे भी हैं उनका कहना है कि उन्होंने कई बार महसूस किया कि कोई उनकी चादर खींचता है और बिस्तर के पास अजीब सी नीली लाइट जलती है। ऐसे डरावने अनुभव से उभरने के लिए इन लोगों को मनोवैज्ञानिक तक की मदद लेनी पड़ी थी। लगातार मिलने वाली शिकायतों के बाद इस कमरे को हमेशा के लिए बंद ही कर दिया गया।
कुर्सेयोंग, दार्जिलिंग
दार्जलिंग के पास एक जगह है कुर्सेयोंग। ये पूरी जगह ही भूतिया सी लगती है। यहां के डो पहाड़ के लिए कहा जाता है कि यहां सिरकटे मुर्दे लोगों का पीछा करते हैं। एक गुमनाम लड़की का भूत यहां गाने गाता है, बच्चों की खेकने की आवाज आती है और गुप्प अंधेरी जगहों पर से चमकीली आंखें घूरती हुई दिखती हैं।
मॉर्गन हाउस, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में एक पहाड़ी जगह है कलिमपौंग। यहां का मॉर्गन हाउस काफी चर्चित है जिसे अब होटल बना दिया गया है। 1930 में इसे जॉर्ज मॉर्गन ने बनवाया था। वो यहां अपनी पत्नी के साथ रहता था जिसकी बाद में मौत हो गई। कहते हैं कि पत्नी को यह घर इतना पसंद था कि मरने के बाद भी वो यहां से नहीं गई। यहां के स्थानीय लोग कहते हैं कि वे कई बार उन्हें किसी महिला की हील्स पहन कर चलने की आवाज आती है।
रामोजी सिटी, हैदराबाद
हैदराबाद के पास स्थिति रामोजी फिल्म सिटी में कई फिल्मों की शूटिंग हुई है। लेकिन कई फिल्मी सितारों, टेक्नीशियनों और स्टंटमैन ने शिकायत की है कि उन्हें निजाम के जमाने के भूत डराते हैं। ये जगह वहीं बनाई गई है जहां निजामों ने युद्ध लड़ा था। मरे हुए सैनिकों के भूतों ने यहां लोगों को इतना ड़राया है कि कुछ कमरे तो कभी इस्तेमाल नहीं होते। यहां रुकने वाले मेहमानों ने बताया है कि उन्होंने शीशे पर उर्दू लिखी भी देखी है।