गिरिराज ने कहा, वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग मोदी की उपलब्धियों पर फेर रहे पानी
मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों पर पानी फेरने का प्रयास कर रहे हैं।

पणजी: केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों पर पानी फेरने का प्रयास कर रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने यहां शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की तुलना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासनकाल के दौरान कृषि क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन में जबर्दस्त वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कृषि कानूनों को लेकर किसानों को गुमराह कर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें खासतौर पर वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग शामिल है।
सिंह ने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 तक संप्रग के शासन तक कृषि बजट लगभग 88 हजार करोड़ रुपये था, जबकि राजग के 2014 से 2020 के शासनकाल के दौरान कृषि में बजटीय खर्च बढ़ कर चार लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। यह बजटीय खर्च में 400 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा राजधानी में चल रहे किसानों के आंदोलन के बावजूद मौसमी फसलों की खरीद में वृद्धि होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े: जानिए अगले 3 साल भारतीय टीम कितना क्रिकेट खेलने वाली है, यहाँ है फुल शैड्यूल