IOA के अध्यक्ष डॉ बत्रा को कैपिटल फाउंडेशन नेशनल अवार्ड से किया गया सम्मानित
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोम्बम ने इस अवसर पर कहा, ‘‘भारत में खेल प्रशासन को पेशेवर बनाने में बत्रा की भूमिका और सभी खेलों के उत्थान के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए यह एक बहुत ही बेहतर कदम है।

नयी दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ IOA के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा को खेल में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए रविवार को कैपिटल फाउंडेशन राष्ट्रीय पुरस्कार 2020 से सम्मानित किया गया।
प्रसिद्ध न्यायविद जस्टिस कृष्णा अय्यर की 106वीं जयंती के उपलक्ष्य में कैपिटल फाउंडेशन वार्षिक लेक्चर एंड अवार्ड 2020 का आयोजन वर्चुअल रूप से किया गया था। बत्रा को इस वर्चुअल समारोह में यह अवार्ड दिया गया। डॉ बत्रा अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य भी हैं।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोम्बम ने इस अवसर पर कहा, ‘‘भारत में खेल प्रशासन को पेशेवर बनाने में बत्रा की भूमिका और सभी खेलों के उत्थान के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए यह एक बहुत ही बेहतर कदम है।’’ उन्होंने कहा,‘‘उनके नेतृत्व से भारत में हॉकी को भी काफी फायदा हुआ है। डॉ बत्रा ने अपने जीवन के तीन दशक से अधिक समय खेल में एक नया रास्ता बनाने में समर्पित किया है जिससे खेल को पुनर्जीवित करने में मदद मिली है।’’
पूर्व हॉकी खिलाड़ी बत्रा 1997 में जम्मू एवं कश्मीर हॉकी संघ का अध्यक्ष बने थे और 2011 तक वह इस पद पर बने रहे थे। वह 2005-2013 के बीच दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के कोषाध्यक्ष भी रहे थे।
हॉकी इंडिया के अस्तित्व में आने के बाद वह इसके महासचिव बने और फिर 2014 से 2016 तक उन्होंने इसके अध्यक्ष के रूप में काम किया। डॉ बत्रा नवंबर 2016 में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) का नेतृत्व करने वाले पहले और एकमात्र भारतीय बने। वह 2019 में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समीति के सदस्य भी चुने गए।
ये भी पढ़ें : बिहार में मुंगेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में कपड़े के गोदाम में लगी आग, करोड़ों रुपये की क्षति