IPL 2021 की नीलामी में इतने खिलाडियों पर लगेगी बोली, कड़ी मशक्कत के बाद भी श्रीसंत का नहीं हुआ चयन

नई दिल्ली : दुनिया की सबसे मशहूर इंडियन प्रीमियर लीग 2021 (Indian Premier League 2021) की नीलामी के खिलाडियों की फाइनल लिस्ट गुरुवार को जारी कर दी गई है। इस सत्र के आईपीएल (IPL 2021) की नीलामी के लिए कुल 1114 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिसमें भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत, सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर सहित कई दिग्गज शामिल थे।
गुरुवार को बीसीसीआई द्वारा जारी की गई 292 खिलाड़ियों की लिस्ट में श्रीसंत का नाम नहीं है। श्रीसंत को आठों फ्रेंचाइजी में से किसी ने नहीं चुना। जबकि भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को 20 लाख रुपए के बेस प्राइस के साथ शॉर्टलिस्ट किया गया है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मारनस लेबुस्चगने और भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को भी क्रमश: 1 करोड़ और 50 लाख रुपए आधार मूल्य के साथ चुना गया है।
18 फरवरी को चेन्नई में होगी नीलामी
IPL 2021 की नीलामी के लिए इस सूचि में दो भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह और केदार जाधव को और आठ विदेशी खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल, स्टीव स्मिथ, शाकिब अल हसन, मोइन अली, सैम बिलिंग्स, लियाम प्लॉकेट, जेसन रॉय और मार्क वुड को 2 करोड़ रुपए के अधिकतम मूल्य के साथ चुना गया।
इसे भी पढ़े : नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 की होगी शुरुआत, CBSE ने स्कूलों को खोलने की दी अनुमति
नीलामी सूची में 1.5 करोड़ बेस प्राइस पर 12 खिलाडियों का चुनाव हुआ है। जबकि हनुमा विहारी और उमेश यादव समेत 11 क्रिकेटरों को 1 करोड़ बेस प्राइस पर चुना गया है। 18 फरवरी को चेन्नई में होने वाली नीलामी में कुल 292 खिलाडियों पर बोली लगेगी , जिसमें से 164 भारतीय खिलाड़ी, 125 विदेशी खिलाड़ी और एसोसिएट नेशंस के 3 खिलाड़ी शामिल होंगे।