आज लॉन्च होगा ISRO का सैटेलाइट GSAT-6A, भारतीय सेना को मिलेगी मजबूती

चेन्नई। भारत का दमदार संचार सैटलाइट GSAT-6A श्रीहरिकोटा के अंतरिक्ष प्रक्षेपण केंद्र से गुरुवार यानि आज उड़ान भरेगा। रॉकेट लॉन्च की उलटी गिनती आज सामान्य रूप से जारी है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अनुसार, प्रणाली की जांच प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आज शाम 4:56 मिनट पर इस सैटेलाइट को लॉन्च किया जाएगा।
GSLV-F08/GSAT-6A Missionhttps://t.co/YWvgUeyETw pic.twitter.com/I2t0vbYS7r
— ISRO (@isro) March 28, 2018
देश की सेनाओं के लिए भी काफी अहम माना जा रहा है
सैटलाइट GSAT-6A लॉन्च को न सिर्फ इसरो बल्कि देश की सेनाओं के लिए भी काफी अहम माना जा रहा है और इसकी सफल लॉन्चिंग इसरो के लिए एक और मील का पत्थर माना जाएगा। उल्टी गिनती बुधवार दोपहर 1.56 बजे शुरू हुई थी। इस दौरान रॉकेट में ईंधन भरा गया और इसकी प्रणालियों की जांच की गई। 415.6 टन वजनी व 49.1 मीटर लंबे जीएसएलवी रॉकेट के आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के दूसरे लांच पैड से शाम 4.56 बजे लॉन्च होने की योजना है।
जीसैट-6ए उपग्रह को कक्षा में स्थापित कर दिया जाएगा
रॉकेट लॉन्च के करीब 17 मिनट बाद जीसैट-6ए उपग्रह को कक्षा में स्थापित कर दिया जाएगा। इसरो के मुताबिक, रॉकेट के दूसरे चरण में इस बार दो सुधार किए गए हैं जिसमें उच्च गति के विकास इंजन और इलेक्ट्रोमैकेनिकल एक्ट्यूएशन सिस्टम (विद्युत प्रसंस्करण प्रणाली) शामिल है। इसरो ने कहा कि जीसैट-6ए उपग्रह जीसैट-6 उपग्रह के समान हैं।
इस इंजन का प्रयोग चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग में होना है
इसरो के सूत्रों की ओर से बताया गया है कि इस सैटेलाइट लॉन्च के साथ इसरो कई सिस्टम को भी टेस्ट करेगी जो देश के दूसरे चंद्रयान मिशन के लिए बहुत जरूरी होंगे। सूत्रों के मुताबिक इस सैटेलाइट लॉन्च के साथ हाई थर्स्ट विकास इंजन को भी टेस्ट किया जाएगा। इस इंजन का प्रयोग चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग में होना है।