रूस में कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान शुरू
'स्पूतनिक वी' विकसित करने वाले वैज्ञानिकों का मानना है कि यह 95% प्रभावी है और इसका कोई बड़ा दुष्प्रभाव नहीं है। लेकिन सकारात्मक परिणाम के बावजूद टीके का सामूहिक परीक्षण अभी भी जारी है।

मास्को: रूस की राजधानी मास्को में शनिवार को कोविड-19 के टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। यह टीकाकरण उन लोगों को सबसे पहले दिया जाएगा जिनको संक्रमित होने का खतरा सबसे अधिक है। बीबीएस ने बताया कि रूस अपना खुद का ‘स्पूतनिक वी’ नामक टीके का उपयोग कर रहा है।
‘स्पूतनिक वी’ विकसित करने वाले वैज्ञानिकों का मानना है कि यह 95% प्रभावी है और इसका कोई बड़ा दुष्प्रभाव नहीं है। लेकिन सकारात्मक परिणाम के बावजूद टीके का सामूहिक परीक्षण अभी भी जारी है। हजारों लोगों ने सप्ताहांत में टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया है, लेकिन फिर भी यह स्पष्ट नहीं है कि रूस अपने लोगों के लिए कितने वैक्सीन का निर्माण कर सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अब इस वर्ष के अंत तक वैक्सीन की केवल 20 लाख खुराक बन पाने की उम्मीद है। पिछले सप्ताह इस कार्यक्रम की घोषणा करने वाले मास्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि यह सबसे पहले स्कूलों के कर्मचारियों, स्वास्थ्यकर्मी, और सामाजिक कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को पिछले 30 दिनों में इंजेक्शन लगाया है या जिन्हें पिछले दो हफ्तों के भीतर सांस की बीमारी है उन्हें इस कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। इसके अलावा वे लोग जो पुरानी बीमारियों के अलावा गर्भवती और स्तनपान करने वाली महिलाएं भी इसमें शामिल नहीं होंगे। सभी मरीजों का 21 दिनों के गैप में दोनों इंजेक्शन दिए जाएंगे।
यह भी पढ़े: केंद्र सरकार ने खत्म किया एमएसपी तो कैसे बढ़ेगी किसानों की आय: अखिलेश