‘मोदी ने दुनिया के सामने भारत को एक मिसाल के तौर पर पेश किया’

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया। जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना की चुनौती से बखूबी निपटते हुए दुनिया के सामने भारत को एक मिसाल के तौर पर पेश किया है।
बैठक में पारित प्रस्ताव के बारे में जानकारी देते हुए पार्टी के उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि कोरोना के दौरान भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस संकट से निपटने की थी, क्योंकि 130 करोड़ की आबादी वाले देश में स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत सुविधाएं मजबूत नहीं थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के चलते लॉकडाउन के 48 घंटे के भीतर करोड़ों गरीब मज़दूर आबादी को राहत देने के लिए 2.76 लाख करोड़ रुपये के पैकेज का ऐलान किया गया।

पार्टी के उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि कोरोना काल में सेवा के संकल्प में संगठन को गतिशील करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया जिसके चलते सेवा ही संगठन कार्यक्रम से 22 करोड़ से अधिक लोगों को खाने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत के कारण भारत ने दो-दो कोरोना वैक्सीन बनाने में सफलता हासिल की। आज दुनिया के 17 देशों को भारत वैक्सीन भेज रहा है।
राजनीतिक प्रस्ताव में कृषि क़ानूनों के समर्थन की बात कहते हुए रमन सिंह ने कहा, “कृषि कल्याण, कृषि सुधार और किसानों के हित में PM मोदी ने तीन कानूनों के माध्यम से बड़े फैसले लिए। इससे किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले, आय दोगुनी हो, किसान अपनी उपज कहीं भी बेच सके, ऐसी स्वतंत्रता मिली है।
यह भी पढ़ें: Petrol-Diesel Price: सिलेंडर और बाईक को श्रद्धांजलि, जानें अपने शहर में तेल के दाम