जेल में पीटा तो कचहरी में ब्लेड से अपना रेता गला

लखनऊ। जेल में पिटाई से एक बंदी इस हद तक आहत हुआ कि जब पुलिस उसे पेशी के लिए कचहरी लेकर पहुंची तो उसने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। सुरक्षा में पुलिसकर्मियों में हड़कम्प मच गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद जब उसकी हालत सुधरी तो उसे पर फिर से जेल भेज दिया गया। बंदी ने डिप्टी जेलर पर पिटायी और उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
दरअसल, उन्नाव के गंगाघाट थाने से हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद मोहित सिंह को बुधवार को पेशी के लिए कचहरी लाया गया था। कचहरी पहुंचते ही उसे न जाने कहां से ब्लेड मिल गया और उसने अपना गला रेत लिया। इससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। वे उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए।
मोहित की मां ने बताया कि उसे पुलिस ने गलत फंसाया है, जबकि खुद उसने जेल में उत्पीड़न का आरोप लगाया। अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि उसे ब्लेड पेशी के दौरान मिला या खुद जेल से लेकर आया था। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। कि आखिर उसे ब्लेड मिला कहां से।