लोकसभा में धक्का मुक्की, अध्यक्ष को पत्र लिखकर लगाया एक-दूसरे पर आरोप

नई दिल्ली:भाजपा और कांग्रेस के सांसद सोमवार को लोकसभा में आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से धक्का-मुक्की के आरोप लगाए गए। कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि भाजपा सांसद जसकौर मीणा ने उनके साथ मारपीट की कोशिश की।
इसके जवाब में भाजपा सांसद मीणा ने भी राम्या हरिदास पर आरोप लगाए। उन्होंने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा, ‘जैसे ही उन्होंने लोकसभा में बैनर खोला, वह मेरे सिर में बहुत तेजी से लगा। मैंने उनसे आगे बढ़ने को कहा। मगर मैंने उन्हें धक्का या मारने की कोशिश नहीं की। अगर वह कहती हैं कि मैंने ‘दलित’ शब्द का प्रयोग किया है, तो मैं भी एक दलित महिला हूं।’
इन आरोपों के बीच लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने कहा कि सदन में धक्का मुक्की तब शुरू हुई जब कांग्रेस सदस्य उनकी सीट के पास बैनर लेकर आ गए और उन्हें बोलने से रोकने का प्रयास करने लगे।
लोकसभा में सोमवार को दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर कांग्रेस सहित विपक्षी सदस्यों ने भारी हंगामा किया। कांग्रेस सदस्य गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा सदस्यों में धक्का मुक्की हुई। जायसवाल प्रत्यक्ष कर विवाद से विश्वास विधेयक, 2020 पर चर्चा में हिस्सा ले रहे थे।