चलती ट्रेन में मनचले कर रहे थे छेड़खानी, प्रकट हो गए ‘प्रभु’

पटना। मनचलों ने पटना से दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस में महिला से छेड़खानी की। महिला ने रेल मंत्री सुरेश प्रभु को ट्वीट कर इसकी सूचना दी। थोड़ी देर बाद बक्सर में ट्रेन रोककर आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि अफसरों का कहना है कि महिला से छेड़खानी नहीं हुई, बल्कि कुछ लड़कों ने ट्रेन की एसी बोगी पर कब्जा कर लिया था।
पीआरओ रंजीत सिंह ने बताया महिला ने ट्रेन के आरा पहुंचने पर ट्वीट कर बताया कि कोच में कुछ मनचले घुस गए हैं। उन लोगों ने सीटों पर कब्जा कर लिया है। हमारे लिए सीटें नहीं बची हैं। इस सूचना के बाद ट्रेन को बक्सर में रोककर आरपीएफ ने चेकिंग शुरू कर दी है।
सूत्रों का कहना है कि श्रमजीवी एक्सप्रेस के AC 3 कोच के सीट संख्या 22 पर सफर करने वाली महिला ने रेल मंत्री को ट्वीट कर कहा कि ट्रेन में कुछ मनचले लड़कियों से छेड़खानी कर रहे हैं। पुलिस का कोई जवान भी नहीं है। ट्रेन में सफर कर रही महिलाएं डरी हुई हैं। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने इस मामले को सख्ती से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ट्रेन में महिलाओं को जल्द सुरक्षा प्रदान की जाए और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।