कांग्रेस को अलविदा कहकर राजकुमारी रत्ना सिंह आज बीजेपी में होंगी शामिल, पढ़े पूरी खबर

अमेठी के राजा डॉ. संजय सिंह का कांग्रेस से मोहभंग होने के बाद अब प्रतापगढ़ राजघराना की राजकुमारी रत्ना सिंह की बारी है। कांग्रेस को प्रतापगढ़ में चार दशक से मजबूती देने वाले परिवार की राजकुमारी रत्ना सिंह आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगी।
तीन बार प्रतापगढ़ की सांसद रह चुकी कालाकांकर राजघराने की राजकुमारी राजकुमारी रत्ना सिंह मंगलवार को कांग्रेस को अलविदा कह देंगी। प्रतापगढ़ के गड़वारा में मंगलवार को होने वाली मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी जनसभा में इसकी सार्वजनिक घोषणा करेंगी। इस मौके पर उनके पुत्र भुवन्यु सिंह भी मौजूद रहेंगे। रत्ना उस कालाकांकर राजपरिवार से हैं, जो शुरू से कांग्रेसी रहा है। इनके परिवार के रामपाल सिंह कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में रहे हैं। पिता राजा दिनेश सिंह कांग्रेस की सरकार में विदेश मंत्री रहे। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बहुत करीबी थे। उनको तो कांग्रेस का संकटमोचक भी माना जाता था।