बस्ती: निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा ढहा, 4 घायल, 2 लोग मलबे में दबे

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में 4 लोग घायल हो गए, जबकि 2 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गयी है। इस हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बस्ती में एनएच-28 स्थित फुटहिया चौराहे पर ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा था। शनिवार की सुबह निर्माणाधीन फ्लाईओवर का लिंटल अचानक ढह गया। फ्लाईओवर का लिंटल गिरने के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। आसपास को लोग भी मलबे को हटाने में जुट गए हैं। हादसे में घायल हुए चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गचा है, जबकि मलबे में दबे दो अन्य लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है। घायलों में सभी के सभी मजदूर बताए जा रहे हैं।
सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिये
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ढहने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के तत्काल निर्देश दिए हैं। मौके पर कई अधिकारियों के पहुंचने की सूचना भी है। फिलहाल यह पुल कैसे और क्यों गिरा इसका नहीं पता चला है, लेकिन यह माना जा रहा है कि पुल के निर्णाण में लापरवाही बरती गई है।
वाराणसी में फ्लाईओवर ढहने से 15 की हुई थी मौत
गौरतलब है कि इसके पहले उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में बीते 15 मई को शहर के व्यस्ततम इलाके कैण्ट रेलवे स्टेशन के नजदीक हुए निर्माणाधीन फ्लाईओवर हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की लोगों ने मांग की थी और योगी सरकार की काफी किरकिरी भी हुई थी।