सुषमा ने ट्वीट की गीता की तस्वीर, कहा ढूंढने में करें मदद

नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान से लौटी गीता को लेकर चिंतित हैं। गीता को उसके परिवार से मिलाने को कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। सुषमा स्वराज ने गीता से जुड़ीं कुछ जानकारियां और एक फोटो ट्वीट की। ऐसा उन्होंने इसलिए किया है कि गीता को उसके परिवार से मिलाया जा सके।
गीता की बचपन की तस्वीर और जानकारियां
विदेश मंत्री ने गीता की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया है कि गीता बचपन में ऐसी दिखती थी। कृपया गीता को अपने माता-पिता से मिलाने में मदद करें। विदेश मंत्री ने अलग-अलग ट्वीट करते हुए कुछ ऐसी जानकारियां साझा की हैं, जो गीता ने बताई हैं। सुषमा ने बताया कि गीता की बायीं आंख और भौं के ऊपर दो मस्से हैं। उसकी बायीं एड़ी पर चोट के दो निशान हैं।
गीता ने बताई घर की पहचान
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गीता के घर के आसपास की पहचान भी बताई है। उन्होंने कई ट्वीट्स में बताया है कि गीता के घर की गली के आखिर में एक अस्पताल है। वहां धान और गन्ने के खेत हैं। दूसरी तरफ एक रेलवे ट्रैक और दुर्गा मंदिर है। वहां पास में एक नदी है, जहां लोग मछलियां पकड़ते हैं।
बिहार या झारखंड की हो सकती है गीता
सुषमा स्व राज ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर बताया कि गीता ने जो जानकारियां उन्हें बताई हैं, उससे लग रहा है कि वो बिहार या झारखंड की हो सकती है। उन्होंने ट्वीट किया है कि गीता ने हमें जो बताया है, उससे वो बिहार या झारखंड की लगती है।