कानपुर में कड़ाके की ठंड, जीरो डिग्री टॉर्चर के करीब पहुंचा शहर

कानपुर। सर्दी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। कानपुर ने शिमला की बराबरी कर ली। रविवार को यहां का पारा एक डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शिमला का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री रहा। कानपुर के आसपास के जिलों में भी सर्दी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शीतलहर और गलन की मार से रविवार को दस लोगों की मौत हो गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 1971 से अब तक 20 दिसंबर को एक डिग्री सेल्सियस तापमान कभी रिकॉर्ड नहीं किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस कम आंका गया। कानपुर उत्तर प्रदेश का सबसे ठण्डा स्थान रहा।
पिछले दो सप्ताह से शहर को शीतलहरी से राहत नहीं मिली है। 17 दिसंबर को तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस था लेकिन रविवार को सर्दी ने एक नया रिकॉर्ड बनाया। आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात लखनऊ, गोरखपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, फैजाबाद मण्डलों में तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। बहराइच में यह सामान्य से चार डिग्री कम रहा जबकि वाराणसी, सुल्तानपुर, इलाहाबाद और मेरठ में सामान्य से क्रमश: 3-3 डिग्री कम रहा।