RECORD : हनीमून के पांच शतक ठोंक दिए इस कपल ने

शंघाई। शादी के बाद हनीमून पर जाना शगल है। इसकी यादें ताजिंदगी ताजा रहती हैं। लेकिन दुनिया का एक जोड़ा एेसा भी है, जिसने इन यादों से ज्यादा उस शगल को जीना पसंद किया। और बना दिया हनीमून का रिकार्ड। इनका हनीमून एक या दो महीने नहीं बल्कि 500 दिनों का था।
यह कहानी है मार्क और कैमिला विलाफ्लॉर की। साल 2011 में इनकी दोस्ती हुई। फिर मुलाकाताें और बातों का दौर ऐसा चला कि इनकी कहानी शादी के खूबसूरत बंधन में बदल गई।
रेडिफडॉटकॉम की खबर के मुताबिक दोनों ने शादी शंघाई में की। फिर घर वालों और दोस्तों के साथ मनीला में रिसेप्शन किया।
रिसेप्शन के बाद मार्क ने कैमिला को बताया कि उसकी इच्छा वर्ल्ड टूर की है। कैमिला ने भी कहा कि वर्ल्ड टूर का इससे बेहतर मौका फिर कहां मिलेगा। फिर दोनों निकल पड़े हनीमून वर्ल्ड टूर पर।
मार्क और कैमिला ने पहले पूरे साल का हनीमून ट्रिप प्लान किया। लेकिन दोनाें की मोहब्बत ऐसी गहराई कि 365 दिन कब बीत गए पता ही नहीं चला। धीरे-धीरे प्यार में खोए इस जोड़े के हनीमून के पांच सौ दिन पूरे हो गए।