US election 2020: ‘भारत पर नहीं पड़ेगा अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के नतीजों का असर’
यूरोपीय देशों के दौरे पर रहे भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृगंला ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों का असर भारत पर न पड़ने की बात कही है।

नई दिल्लीः यूरोपीय देशों के दौरे पर रहे भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृगंला ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों का असर भारत पर न पड़ने की बात कही है।
दरअसल मंगलवार को अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनावों के परिणामों पर दुनिया के कई देशों की नजरें टिकीं हैं। जिसका कारण है कि चुनाव भले ही अमेरिका में हो रहे हों लेकिन इसके नतीजों का असर लगभग दुनिया के हर देश पर पड़ेगा।
ऐसे में यूरोपीय देशों का दौरा कर रहे भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृगंला ने भारत पर इन चुनावों के नतीजों का असर न पड़ने का दावा किया है।
अमेरिकी चुनावों के परिणामों पर बात करते हुए हर्षवर्धन ने कहा कि, भारत और अमेरिका के रिश्ते बहुत व्यापक और बहुमुखी हैं। दोनों देश न सिर्फ समान मूल्यों व सिद्धांतों को साझा करते हैं, बल्कि द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और बहुउद्देशीय संबंधों पर समान रणनीतिक दृष्टिकोण भी रखते हैं।
भारत और अमेरिका के रिश्तों पर टिप्पणी करते हुए भारतीय विदेश सचिव ने कहा कि,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ खास संबंध रहा है, लेकिन हमें याद रखना होगा कि उनके पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी अच्छे रिश्ते थे। डेमोक्रेटिक राष्ट्रपति उम्मीदवार जो बिडेन ने भी स्पष्ट किया है कि वह भारत और अमेरिका के मजबूत रणनीतिक साझेदारी चाहते हैं।
गौरतलब है कि भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृगंला एक हफ्ते के लिए यूरोप के दौरे पर हैं। जिस दौरान उन्होंने फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन का दौरा किया है।