अब विराट कोहली और मिताली साथ-साथ

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली को क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना है। ऑस्ट्रेलिया दौर में महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास ले लेने से कोहली को कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में साउथ अफ्रीका टीम को भी टेस्ट सीरीज में इंडिया ने कोहली की कप्तानी में बुरी तरह हराया। महिला टीम में क्रिकेटर ऑफ द ईयर का सम्मान मिताली राज को दिया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा बीसीसीआई ने गुरुवार को की। ये सम्मान पांच जनवरी को मुंबई में बोर्ड की सालाना समारोह में दिए जाएंगे।
कोहली को यह अवार्ड इसलिए
विराट कोहली के नाम इस साल दो उपलब्धियां रहीं। उनके नेतृत्व में भारत ने श्रीलंकाई सरजमीं पर 22 साल में पहली बार टेस्ट सीरीज जीती। इसके बाद विश्व की नंबर एक टीम दक्षिण अफ्रीका को पिछले नौ वर्षों में विदेशी धरती पर सीरीज में पहली हार का मजा चखाया। खास बात यह कि टीम इंडिया 11 साल बाद दक्षिण अफ्रीका को हराने में सफल हो सकी। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 15 टेस्ट पारियों में 42.67 की औसत से 640 रन बनाए। उन्होंने इसके अलावा उन्होंने 20 वनडे मैचों में 36.65 की औसत से 623 रन भी बनाए। कोहली को सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर के लिए पाली उमरीगर ट्रॉफी मिलेगी।
मिताली को इसलिए अवार्ड
मिताली राज ने इस साल वनडे में 5000 रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय और ओवरऑल दूसरी महिला बल्लेबाज बनीं। मिताली को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के लिए एमए चिदंबरम ट्रॉफी दी जाएगी। पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज सैयद किरमानी को कर्नल सीके नायडू लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ संघ चुना गया है। उसने इस साल रणजी ट्राफी, ईरानी कप ट्रॉफी जीती।