योगी ने कहा ‘भारत के संविधान की ताकत से ही दुनिया के अन्दर बड़े लोकतंत्र का आदर्श बना है’
संविधान दिवस पर योगी ने कहा, भारत के संविधान की ताकत से ही दुनिया के अन्दर बड़े लोकतंत्र का आदर्श बना है

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारत के संविधान की ताकत ही है कि यह दुनिया के अन्दर सबसे बड़े लोकतंत्र का आदर्श बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की उद्देशिका का पाठन राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के सान्निध्य में वर्चुअल माध्यम से किया।
द्विभाषी संस्करणों का विमोचन
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश संहिता (द्विभाषी) के दो संस्करणों का विमोचन किया। योगी ने संविधान दिवस कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि 26 जनवरी, 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था। आज ही के दिन संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया।
संविधान की ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के संविधान की ताकत ही है कि यह दुनिया के अन्दर सबसे बड़े लोकतंत्र का आदर्श बना हुआ है। सम-विषम परिस्थितियों में भी भारतीय संविधान हमें प्रेरणा प्रदान करता है। जाति, मत, सम्प्रदाय, भाषाएं, खान-पान की बहुलता होने के बावजूद भारतीय संविधान पूरे भारत को माला में पिरोए हुए है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में भी संविधान की महती भूमिका है। न्याय, स्वतंत्रता, समता और बन्धुता ये भारत की सबसे बड़ी विशेषता है। इन्हीं मूलभूत बातों को ध्यान में रखकर सभी कार्यक्रम आगे बढ़ाये जा रहे हैं।
संविधान दिवस की बधाई
मुख्यमंत्री ने संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी स्वाधीनता सेनानियों व महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने सभी को संविधान दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आभारी हैं जिन्होंने संविधान दिवस की महत्ता के दृष्टिगत वर्ष 2015 से संविधान दिवस को देश के सामने प्रस्तुत किया।
संविधान में 11 मूल कर्तव्यों का उल्लेख
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत वर्ष संविधान दिवस को काफी भव्य रूप में मनाया गया था तथा विधान मण्डल में इस पर केन्द्रित चर्चा की गयी थी। उन्होंने कहा कि संविधान में अधिकारों के साथ मूल कर्तव्य की भी बात की गयी है। मूल कर्तव्य के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक किये जाने की आवश्यकता है। किसी भी सम्प्रभु राष्ट्र के लिए मूल कर्तव्य अत्यन्त आवश्यक है। संविधान में 11 मूल कर्तव्यों का उल्लेख है, जिनका अक्षरशः पालन करना चाहिए, जिससे एक स्वस्थ व सशक्त भारत बना सकें।
In 2010, to mark 60 years of the Constitution, we organised the Samvidhan Gaurav Yatra in Surendranagar, Gujarat. A replica of the Constitution was placed on an elephant and the procession covered parts of the city. I too walked in that procession. It was a unique tribute! pic.twitter.com/yAbU5UKQWn
— Narendra Modi (@narendramodi) November 26, 2020
केशव प्रसाद मौर्य का बयान
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यन्त गौरव का दिन है। संविधान हम सबको अधिकारों व कर्तव्य से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार बिना भेदभाव के सभी वर्गाें को योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। अनुच्छेद 51ए को आत्मसात करके हम कर्तव्य पथ पर चलते हुए देश को महान बना सकते हैं।
संविधान दिवस के अवसर पर मा० प्रधानमंत्री @narendramodi जी के नेतृत्व में मा० मुख्यमंत्री @myogiadityanath जी के साथ संविधान का पाठन एवं विधायक विभाग द्वारा तैयार की गयी उत्तर प्रदेश संहिता के दो संस्करणों का विमोचन कार्यक्रम में सहभागिता की । pic.twitter.com/4cPPfApCYm
— Dr Dinesh Sharma BJP (@drdineshbjp) November 26, 2020
भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश
उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। भारत का संविधान राजधर्म है। भारत के लोगों से ही हमारा संविधान संरक्षित है। विधि एवं न्याय मंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि आज का दिन अत्यन्त महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज ही के दिन हमारा संविधान अंगीकृत किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन
इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्रिगण, विधान परिषद सदस्य स्वतंत्र देव सिंह, मुख्य सचिव आर के तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, सूचना निदेशक शिशिर सहित एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने किया।
यह भी पढ़े:IND vs AUS: आरोन फिंच ने की विराट कोहली की सराहना, कहा- ‘वनडे के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं’
यह भी पढ़े:फिल्म “आश्रम” का गाना “बाबा तू ही काशी” हुआ रीक्रिएट, अब इस सिंगर ने दी अपनी आवाज